अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक इलाके से कोचिंग के लिए निकलीं पांच नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। शनिवार सुबह घर से निकलीं ये छात्राएं जब देर शाम तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों में कोहराम मच गया।
पूरी रात खोजबीन करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थक-हारकर परिजनों ने नगर थाने को मामले की सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत एक्शन मोड में आ गया है और वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
रील बनाकर फेमस होने का था शौक
जानकार सूत्रों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, लापता हुई पांचों किशोरियां शहर के ही एक मोहल्ले की रहने वाली हैं और आपस में बेहद गहरी सहेलियां हैं। ये सभी छात्राएं आठवीं से लेकर मैट्रिक कक्षा में पढ़ती हैं। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों को मोबाइल पर रील्स बनाने का काफी शौक था। वे अक्सर अपने स्कूल, स्थानीय पार्कों और अन्य जगहों पर रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर फेमस होने की कोशिश करती रहती थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी शौक या किसी बहकावे में आकर पांचों ने एक साथ घर छोड़ने का कदम उठाया।
कोचिंग के बहाने निकलीं, स्कूल भी नहीं पहुंचीं
शनिवार को हमेशा की तरह पांचों किशोरियां अपने-अपने घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं। तय समय बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिजनों ने जब कोचिंग संस्थान से संपर्क किया, तो वहां से हैरान करने वाली जानकारी मिली कि लड़कियां उस दिन कोचिंग या स्कूल आई ही नहीं थीं। किसी अनहोनी की आशंका से सहमे परिजन चारों तरफ अपनी बेटियों की तलाश में खाक छान रहे हैं।
सीवान से एक किशोरी बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर ने पुलिस की कई विशेष टीमों को काम पर लगा दिया है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को लापता लड़कियों का अहम सुराग और लोकेशन मिल गया है। वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से पुलिस टीम सफलता के बेहद करीब है।
चार अन्य लड़कियों की तलाश जारी
इसी बीच पुलिस टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने सीवान रेलवे स्टेशन से एक किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि अन्य चार लड़कियों के ठिकाने का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी बची चारों छात्राओं को भी सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद से इलाके के अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंता की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़ें- शर्मनाक: बिहार में नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

