हमीरपुर. मौदहा इलाके के छिरका-मवइया गांव में नेशनल हाईवे 34 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. एक परिवार के दो दंपति सहित 5 लोगों की मौत हुई है. सभी मृतक कार से कानपुर वापस जा रहे थे. ड्राइवर को नींद आना या ओवरटेक करना हादसे का कारण माना जा रहा है. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बता दें कि रविवार को ही उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के रघुरामपुर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra-Lucknow Expressway) पर भीषण हादसा हुआ. जिसमें डबल डेकर बस और कंटेनर में जबरदस्त टक्कर हो गई. इस हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं. ये सभी इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में सवार यात्री हैं. बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने से बस कंटेनर से टकराई. जिससे ये दुर्घटना हुई.
इसे भी पढ़ें : सिविल कोर्ट में गरजा बुलडोजर, वकीलों के 100 चेंबर ध्वस्त, विरोध के बीच पुलिस ने किया लाठीचार्ज
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे. बस चालक मंजीत कुमार दिल्ली से करीब 40 यात्रियों को लेकर आजमगढ़ जा रहा था. सुबह करीब 6 बजे भारी वाहन लेन में चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
6 यात्री गंभीर रूप से घायल
वहीं हादसे में घायल यात्रियों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि 6 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया. अन्य घायलों का इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर बांगरमऊ टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया है. वहीं यातायात को सुचारू कर दिया गया है.

