नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। शुक्रवार शाम 7 बजे तक सामने आए अपडेट के मुताबिक, आपदा में 600 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1900 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
सीमा पर बनी झील से बढ़ा खतरा
नेपाल-चीन सीमा के ऊपरी इलाके में बर्फ और चट्टानों के मलबे से बनी प्राकृतिक झील अब नई चिंता का कारण बन गई है। शुक्रवार सुबह तक झील में करीब 25 लाख क्यूबिक मीटर यानी 2.5 अरब लीटर पानी जमा हो चुका था।
काठमांडू स्थित चीनी दूतावास के अनुसार, झील का जलस्तर काफी बढ़ गया है और इसमें ओवरफ्लो शुरू हो चुका है। ऐसे में झील के टूटने की आशंका बनी हुई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और राहत-बचाव टीमों को सतर्क रहने और नदी किनारे से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बताया गया है कि सीमा नदी की ऊपरी धारा की एक सहायक नदी में बर्फ और चट्टानों का मलबा गिरने से पानी का बहाव रुक गया था। इसके बाद भूस्खलन के कारण प्राकृतिक झील बन गई।
चीन में फंसे 400 भारतीय सुरक्षित
बाढ़ के बाद चीन की ओर करीब 400 भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि सभी से संपर्क हो चुका है और वे सुरक्षित हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास फंसे नागरिकों, उनके ट्रैवल एजेंट और ग्रुप लीडर्स के संपर्क में है। रास्ते खुलने के बाद उनकी सुरक्षित भारत वापसी की व्यवस्था की जाएगी।
13 हजार से ज्यादा जवान रेस्क्यू में जुटे
नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान के लिए 13,295 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। इनमें 7,250 नेपाल पुलिस, 4,200 नेपाली सेना और 1,845 आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवान शामिल हैं।
सरकार के मुताबिक, अब तक 3,253 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। प्रभावित क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश जारी है, जबकि सड़क, पुल, घर और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को हुए भारी नुकसान के बाद राहत कार्यों को तेज किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


