राजनीति एक ऐसा शब्द जिसमे ‘मतभेद’ अगर ना मिले तो मानो जैसे खाने में नमक का ही ना होना. राजनीतिक पार्टियों के बीच अक्सर मतभेद दिखने को मिल जाता है. इन सब चीजों से ऊपर उठकर जो राज्य हित में काम करता है, उस पार्टी को प्रशंसा ना मिले ऐसा तो शायद ही ना देखने को मिले. पश्चिम बंगाल की नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने वादे के मुताबिक काम करना शुरू कर दिया है. इस नई सरकार के कामकाज की खुलकर तारीफ पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य ने एक बयान के माध्यम से की है.

पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार ने कम समय में चुनावी वादों पर तेजी से काम शुरू किया है, जो काबिल-ए-तारीफ है.

मीरा भट्टाचार्य ने CM शुभेंदु अधिकारी की कार्यशैली और राज्य के विकास के लिए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की है. मीरा भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी कभी सीधी मुलाकात नहीं हुई, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वे अपने वादों को पूरा करेंगे. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन और वाम मोर्चा सरकार के 34 साल के कार्यकाल की तुलना भी की.

उन्होंने एक बांग्ला मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि नई सरकार ने कम समय में ही अपने काम से सबको प्रभावित किया है. सरकार बेहद ईमानदारी से चुनावी वादों को जमीन पर उतारने के लिए मन से लगी हुई है. महिलाओं को भी प्राथमिकता देते हुए बंगाल सरकार ने मुफ्त बस यात्रा योजना दी है.

पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य ने आगे कहा कि जो भी सरकार राज्य में अपने जनता की भलाई के लिए काम करें उसका सम्मान होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल के लोग शांति और आराम से जिंदगी जीना चाहते हैं. उन्होंने सिंगूर विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि अगर नई सरकार सिंगूर में फिर से उद्योग लाने की दिशा में काम करती है तो उसका स्वागत होना चाहिए, जिससे कि युवाओं को रोजगार के लिए राज्य छोड़कर बाहर न जाना पड़े.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m