कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में एक बार फिर से कथित तौर पर जहरीली शराब से मौत का तांडव देखने को मिला है। दरअसल बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि शराब पीने के बाद सभी चारों युवकों की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई।

हालांकि सभी युवकों की मौत जहरीली शराब पीने की वजह से ही हुई है। इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवकों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

नाराज ग्रामीणों ने जाम किया फोरलेन

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीण शराबबंदी होने के बावजूद कथित तौर पर आसानी से हो रही शराबों की बिक्री को लेकर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए नारेबाजी करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही वे मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

घटना पर एसडीओ कृष्णा जोशी का बयान

घटना के संबंध में बाढ़ अनुमंडलीय एसडीओ कृष्णा जोशी ने बताया कि, मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा। घटनास्थल से शराब की बोतलें, पैग बनी हुई डिस्पोजल ग्लास व अन्य चीजें बरामद की गई है, जिसकी जांच चल रही है।

परिजनों ने स्वीकार की शराब पीने की बात

जबकि मृतक के परिजन निर्मल सिंह ने बताया कि सावन खत्म होने के बाद छुट्टी वाले दिन मेरा पोता निशु कुमार (30) और भतीजा शशि कुमार (32) गांव के ही दो अन्य दोस्तों के साथ आरएस शराब की बोतल के साथ मछली पार्टी कर रहा था। उसी दौरान चारों युवक की तबियत बिगड़ गई, जिसे आनन फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से नाजुक हालात में उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जिसके बाद डॉक्टर ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), पिता रामाकांत कुमार, विकास राम (40), पिता विरजु राम, पंकज सिंह (45), पिता नन्दे सिंह और निशु कुमार (30), पिता राजू सिंह के रूप में हुई है।

मंत्री विजय सिन्हा को देख छलका पिता का दर्द

घटना की जानकारी मिलने के बाद बीजेपी नेता और बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा सैदपुर टोला पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

इसी दौरान एक मृतक के पिता ने विजय सिन्हा के सामने अपना दुख जताते हुए बिहार की स्थिति और शराबबंदी पर गंभीर सवाल खड़ा किया। मृतक के पिता ने भावुक होकर कहा कि, आज उनका बेटा चला गया, कल किसी और का बेटा मर जाएगा और लोग इसी तरह मरते रहेंगे। उन्होंने रोते हुए विजय सिन्हा से कहा कि, ई कौन बिहार बना दिए हैं दादा, कैसा बना दिए हैं?

ये भी पढ़ें- वीडियो कॉल पर पति का झूलता शव देख पत्नी ने भी लगाई फांसी, 8 महीने पहले धूमधाम से हुई थी शादी