शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर एक बड़े और सनसनीखेज फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्‍ठ (EOW) ने भोपाल के करोंद स्थित ‘सृष्टि हॉस्पिटल’ के संचालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज किया है। अस्पताल प्रबंधन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर, एक ही स्टाफ के नाम बार-बार डालकर और फर्जी पैथोलॉजी रिपोर्ट के जरिए सरकारी योजना का पैसा हड़पने का गंभीर आरोप है।

क्या है पूरा मामला और फर्जीवाड़े का खेल?

EOW द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सृष्टि हॉस्पिटल के संचालक राजकुमार सूर्यवंशी और अन्य ने आयुष्मान भारत योजना के तहत आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए बड़े पैमाने पर जालसाजी की थी। योजना का पैसा हड़पने के मकसद से पोर्टल पर अस्पताल के वास्तविक 15 कर्मचारियों की संख्या को बढ़ाकर 45 दिखाया गया। हैरानी की बात यह है कि एक ही कर्मचारी का नाम चार-चार बार दोहराया गया और सभी 45 फर्जी एंट्रीज के आगे संचालक ने सिर्फ अपना ही मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया था।

मंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान करना BJP विधायक को पड़ा भारीः प्रदेश अध्यक्ष

फर्जी पैथोलॉजी और डॉक्टर के नाम का दुरुपयोग

अस्पताल में बिना अनुमति के लैब संचालित की जा रही थी। यहां एक एमडी पैथोलॉजिस्ट की फर्जी सील और नकली हस्ताक्षरों का उपयोग कर मरीजों की झूठी जांच रिपोर्टें जारी की जाती थीं। इतना ही नहीं, एक मेडिकल कॉलेज की महिला पैथोलॉजिस्ट का नाम भी बिना उसकी सहमति के सूची में जोड़कर अवैध रूप से सरकारी भुगतान उठाया गया। EOW की जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन डॉक्टरों के नियुक्ति पत्र, सैलरी रिकॉर्ड, अटेंडेंस (उपस्थिति) रजिस्टर और मरीजों के इलाज से जुड़ी कोई भी वैध फाइल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

इन धाराओं में दर्ज हुई FIR और आगे की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 अक्टूबर 2026 को EOW ने अस्पताल संचालक राजकुमार सूर्यवंशी और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 318(4), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच एजेंसी अब यह भी खंगाल रही है कि साल 2025 के दौरान अस्पताल में दिखाए गए 709 मरीजों के इलाज के नाम पर कितनी रकम निकाली गई थी। इस पूरे घोटाले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी सघन विवेचना शुरू कर दी गई है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

बागेश्वर धाम से 170 लोगों के लापता होने का मामला: 75 दस्तयाब, अभी भी 95 लोगों का नहीं मिला सुराग

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m