सुशीला देवी, गुरुग्राम। टेलीग्राम एप के जरिए लिंक भेजकर एक लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क के एक बड़े सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुग्राम साइबर अपराध पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार को पकड़ा है, जो मूल रूप से बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली के नजफगढ़ में रह रहा था।

गूगल कर्मचारी बनकर भेजा था ठगी का लिंक

पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक यह पूरा मामला पिछले साल का है। पीड़ित व्यक्ति ने बताया था कि एक अनजान शख्स ने खुद को गूगल के प्रमोशन विभाग का कर्मचारी बताते हुए उनके टेलीग्राम पर एक लिंक भेजा था। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये गायब हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बारीकी से जांच शुरू की।

पहचान पत्र में फर्जी पता बदलवाकर खोलता था खाते

तकनीकी जांच और सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विकास कुमार को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने साइबर ठगी के इस खेल का बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि वह बिहार से भोले-भाले लोगों को दिल्ली बुलाता था। इसके बाद उनके पहचान पत्रों पर फर्जी पता दर्ज करवाकर नए सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों और सिम कार्ड को वह मुख्य साइबर ठगों को बेच देता था। इस काम के बदले उसे हर बैंक खाते पर पांच हजार रुपये का कमीशन मिलता था

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव में हिम्मत है तो मथुरा और… CM योगी का सपा सुप्रीमो के बयान पर करारा पलटवार, दे डाली बड़ी चुनौती

ठगी की रकम ट्रांसफर करने में हुआ सिम का इस्तेमाल

पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि पीड़ित से ठगे गए एक लाख रुपये में से सत्तर हजार रुपये एक ऐसे बैंक खाते में भेजे गए थे, जो आरोपी द्वारा फर्जी पते पर लिए गए सिम कार्ड से जुड़ा था। पुलिस अब इस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों, फर्जी बैंक खातों और सिम कार्डों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H