अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुरा मोहल्ले में मंगलवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान काजीपुरा मुहल्ला निवासी लगभग 35 वर्षीय अभिषेक गोस्वामी उर्फ लुलु के रूप में हुई, जो हाल ही में हत्या से जुड़े एक मामले में जमानत पर छूट कर बाहर आया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में रोहतास पुलिस के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है।
दोस्त ने दोस्त को मारी गोली
घटना काजीपुरा मुहल्ला स्थित शिव मंदिर के समीप की है, जहां मंगलवार की रात करीब दस बजे तीन-चार दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर गरमा गरम बहस चल रही थी। बताया जाता है कि इस दौरान दोस्तों के बीच विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि एक दोस्त ने दुसरे पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगते ही युवक लहुलुहान होकर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक के सिर में तीन से चार गोली मारने की बात कही जा रही है।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल पहुंची सासाराम नगर थाने की पुलिस एवं सदर डीएसपी वन विप्लव कुमार ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा घटनास्थल की घेराबंदी कर एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाया गया है। वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहतास एसपी रौशन कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग छह वर्ष पूर्व भी काजीपुरा मोहल्ले में एक कुख्यात अपराधी शिबू पटेल के सहयोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आशंका है कि वर्षों पुरानी इसी रंजिश में नई वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि रोहतास पुलिस द्वारा अब तक इस मामले में कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है और पुलिस हर बिंदुओं पर सूक्ष्मता से जांच में जुटी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, कारतूस व खोखा बरामद
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि कुछ दोस्तों के बीच आपसी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ हीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी चल रही है। इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा बरामद किया है।
ये भी पढ़ें- बिहार में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने गए 5 बच्चों की डूबने से मौत, पूरे गांव में पसरा मातम

