केरल में नई UDF सरकार ने सत्ता संभालते ही बड़े फैसलों की झड़ी लगा दी है। मुख्यमंत्री VD Satheesan की अगुवाई में हुई पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, आशा और आंगनवाड़ी कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग बनाने जैसे बड़े ऐलान किए गए। 10 साल बाद केरलम की सत्ता में वापसी के साथ ही UDF सरकार ने घोषणा की है कि 15 जून से महिलाओं को KSRTC बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 3000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है, जबकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य सहयोगी कर्मचारियों के मानदेय में 1000 रुपये मासिक वृद्धि का फैसला लिया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग का गठन
इसके अलावा नई सरकार का सबसे चर्चित फैसला वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग का गठन माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि केरल को “सम्मानजनक बुजुर्ग देखभाल वाला आदर्श समाज” बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। वहीं कैबिनेट ने वरिष्ठ विधायक जी सुधाकरन को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव बाबू को एडवोकेट जनरल और टीएस आसफ अली को अभियोजन महानिदेशक बनाया गया है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले की होगी जांच
सरकार ने अलाप्पुझा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के मामले की दोबारा जांच के लिए SIT गठित करने का फैसला भी लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अदालत के निर्देशों के अनुपालन में किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य की वित्तीय स्थिति पर जल्द श्वेत पत्र जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकपाल, राज्य चुनाव आयोग और पीएससी नियुक्तियों को लेकर राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से जल्द चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि 2026 विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज कर UDF ने दस साल बाद सत्ता में वापसी की है। सोमवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में Mallikarjun Kharge, Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi Vadra समेत कांग्रेस के शीर्ष नेता मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

