Rajasthan News: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने के दौरान राजस्थान के लिए कई बड़े विकास कार्यों का ऐलान किया। उन्होंने एलिवेटेड रोड, फोर लेन सड़क और एक्सप्रेसवे समेत कई परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार राजस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

इस दौरान गडकरी ने सबसे बड़ा ऐलान कोटा से इटावा (उत्तर प्रदेश) तक बनने वाले चंबल एक्सप्रेसवे को लेकर किया। उन्होंने बताया कि अब इस एक्सप्रेसवे का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में अटल एक्सप्रेसवे रखा जाएगा। लंबे समय से अटकी इस परियोजना का काम दोबारा शुरू किया जाएगा।
करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले इस एक्सप्रेसवे को राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस मार्ग से झालावाड़ और भवानीमंडी को भी जोड़ा जाएगा, जिससे हाड़ौती क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार राजस्थान के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा।
गडकरी ने यह भी घोषणा की कि कोटा, दिल्ली, मुंबई, बारां और भानपुरा को जोड़ने के लिए 51 किलोमीटर लंबी फोर लेन सड़क विकसित की जाएगी। इसके अलावा दरा क्षेत्र में करीब 551 करोड़ रुपये की लागत से 10 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर अगले तीन महीने के भीतर काम शुरू कर दिया जाएगा।
कोटा के गोपालपुरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गडकरी ने शहर से अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि कोटा आकर हमेशा खुशी होती है और यह इलाका तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। जहां भी सुधार की जरूरत होगी, वहां तुरंत काम किया जाएगा। उनका कहना था कि आने वाले समय में दिल्ली से मुंबई का सफर और आसान होगा तथा करीब 12 घंटे में दिल्ली से नरीमन पॉइंट तक पहुंचना संभव होगा।
गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं का मकसद सिर्फ बेहतर सड़कें बनाना नहीं है। बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार तेजी से काम किया जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- हरदा में फिर बारूद के जखीरे से मंडराया खतरा! स्कूल के पास मकान में भरे थे पटाखों के बक्से, बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
- सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई का वीडियो वायरल, माता-पिता के खिलाफ शिकायत; जानें क्या है पूरा विवाद
- ब्रेकिंग : अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला, तीन अज्ञात हमलावरों ने की फाइरिंग
- बंगाल-बलरामपुर के बाद गोरखपुर में हाई अलर्ट! दुर्गा पंडालों की सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर PAC तैनात
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को आएंगे पंजाब, नशा विरोधी कार्यकर्ताओं के परिवारों से करेंगे मुलाकात

