गांधीनगर: गुजरात के गांधीनगर में 28 वर्षीय महिला पुलिस कॉन्स्टेबल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जान्हवी की उनके किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मूल रूप से अहमदाबाद की रहने वाली जान्हवी शाहीबाग पुलिस हेडक्वार्टर में लोक रक्षक कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थीं। सेक्टर-3डी इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय सेक्टर-7 पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद जब जान्हवी काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आईं, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां जान्हवी का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शव डीकम्पोज्ड (सड़ी-गली) हालत में मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत घटना से करीब डेढ़ से दो दिन पहले हुई होगी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट और संदिग्ध परिस्थितियां

सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली जान्हवी के इंस्टाग्राम पर 25 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे। मौत से कुछ समय पहले उन्होंने अपनी एक फोटो के साथ एक भावुक कैप्‍शन शेयर किया था— ‘I WISH I WAS MONSTER, YOU THINK I AM’ (काश मैं मॉन्स्टर होती, जैसा तुम मेरे बारे में सोचते हो)। इस पोस्ट के सामने आने के बाद मामले में मानसिक तनाव और निजी विवाद के कोण से भी जांच की जा रही है।

परिजनों के गंभीर आरोप

जान्हवी के पिता का वर्ष 2013 में निधन हो गया था और बाद में उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इस वजह से वह अपने परिवार से अलग किराए पर रहती थीं। मृतका की रिश्तेदार नीताबेन ने आरोप लगाया है कि तलाक के बावजूद पूर्व पति लगातार फोन करके जान्हवी पर पैसों का दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। नीताबेन के अनुसार, जान्हवी ने अपनी मेहनत से पुलिस की नौकरी पाई थी, लेकिन पैसों की मांग को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस फिलहाल परिजनों, सहकर्मियों और दोस्तों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर मौत के असली कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें