सोनीपत। कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी आज भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कस्टडी पैरोल पर अपने गांव जठेड़ी पहुंचा। पुलिस वैन से उतरते ही संदीप ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया, जहां ढोल-नगाड़ों से उसका स्वागत किया गया। वह अपनी जुड़वां बेटियों के जन्म के 80 दिन बाद आयोजित हवन-यज्ञ, नामकरण और अन्य रस्मों में शामिल होने के लिए गांव आया है।

काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी, जो ‘लेडी डॉन’ के नाम से मशहूर हैं, ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार 5 घंटे की पैरोल मिली है, जिसके तहत वह सुबह 11 बजे गांव पहुंचा और शाम 4 बजे तक वहां रहेगा।

कस्टडी पैरोल के समय और सुरक्षा खर्च का गणित

अनुराधा चौधरी ने बताया कि पहले 6 घंटे की कस्टडी पैरोल की अनुमति ली गई थी, लेकिन प्रशासनिक गाइडलाइन के तहत 5 घंटे की पैरोल तय हुई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की शिफ्ट 5 घंटे की होती है और पैरोल के दौरान सुरक्षा का पूरा खर्च भी संबंधित पक्ष को ही उठाना पड़ता है। अनुराधा के अनुसार, 10 घंटे की पैरोल संभव नहीं थी, क्योंकि एक घंटे बाद पुलिसकर्मियों की दूसरी शिफ्ट लगती और उसका अतिरिक्त खर्च भी देना पड़ता।

सहारनपुर से हुआ था गिरफ्तार, दर्ज हैं 30 से ज्यादा मामले

गैंगस्टर काला जठेड़ी के खिलाफ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, फिरौती, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। पुलिस ने काला जठेड़ी को 30 जुलाई 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से वह जेल में बंद है।

IVF तकनीक से हुआ था जुड़वां बेटियों का जन्म

अनुराधा चौधरी ने 1 जुलाई को इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) तकनीक के जरिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में जुड़वां बेटियों को जन्म दिया था। प्रसव के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उनकी सीजेरियन डिलीवरी करानी पड़ी थी। बेटियों के जन्म के बाद जठेड़ी गांव में अनुराधा चौधरी द्वारा कुआं पूजन की रस्म भी निभाई गई थी।

अस्पताल में बेटियों को देखने भी मिली थी पैरोल

1 जुलाई को जुड़वां बेटियों के जन्म के दिन भी काला जठेड़ी अपनी बेटियों को देखने के लिए 4 घंटे की कस्टडी पैरोल पर अस्पताल आया था। सुरक्षा कारणों के चलते अदालत ने उस समय अस्पताल का नाम सार्वजनिक न करने का सख्त निर्देश जारी किया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m