झज्जर: हरियाणा के झज्जर में आज एक ऐसी अनोखी शादी होने जा रही है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। दूल्हा कोई आम इंसान नहीं बल्कि उम्रकैद की सजा काट रहा गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला (45) है, जो इस वक्त जेल में बंद है। वहीं दुल्हन सात समंदर पार कंबोडिया से आई मेटाचान है। इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए गैंगस्टर को सिर्फ 12 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है।

कंबोडिया में बार… और गैंगस्टर का दिल आ गया!

यह पूरी लव स्टोरी साल 2018 से शुरू होती है। गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन वह चकमा देकर सीधा कंबोडिया फरार हो गया। वहां अपनी पहचान छुपाकर उसने बीयर बार और रेस्टोरेंट का बिजनेस शुरू किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात कंबोडियाई मूल की मेटाचान से हुई। दोनों में प्यार हुआ और वे लिव-इन में रहने लगे।

4 बच्चों के साथ झज्जर पहुंची विदेशी दुल्हन

प्यार की खातिर मेटाचान सब कुछ छोड़कर भारत आ चुकी है। वह अपने तीन बच्चों को साथ लेकर झज्जर पहुंची है, जबकि उसकी एक बेटी अभी कंबोडिया में ही है। फिलहाल मेटाचान को ढिल्ला के दूसरे घर में ठहराया गया है, जहां वह पूरी तरह से भारतीय रंग-रूप और संस्कृति में ढल चुकी है।

सुबह 8 बजे एंट्री… रात 8 बजे जेल में नो एंट्री!

कोर्ट ने गैंगस्टर ढिल्ला को शादी के लिए बेहद सीमित वक्त दिया है।

  • सुबह 8:00 बजे: ढिल्ला भारी पुलिस सुरक्षा (कस्टडी पैरोल) के बीच जेल से बाहर आएगा
  • दिनभर का कार्यक्रम: दुलीना फार्म हाउस में शादी की रस्में होंगी, जिसमें करीब 500 मेहमानों को न्योता दिया गया है।
  • रात 8:00 बजे से पहले: फेरे और शादी की रस्में पूरी कर ढिल्ला को हर हाल में वापस जेल की सलाखों के पीछे लौटना होगा।

छावनी में बदला दुलीना फार्म हाउस

गैंगस्टर की शादी को देखते हुए पुलिस प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। शादी समारोह स्थल यानी दुलीना फार्म हाउस को भारी पुलिस बल तैनात कर अभेद्य किले में बदल दिया गया है। आने-जाने वाले हर मेहमान पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।