अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. धानापुर कस्बे में ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठि यात्रा का भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने 1942 के ऐतिहासिक धानापुर कांड में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीद पार्क का दौरा किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान धानापुर के स्थानीय मुस्लिम समाज ने भी शंकराचार्य महाराज का जोरदार स्वागत किया.
स्थानीय लोगों ने गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन किया. अपने संबोधन में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि वे पूरे देश में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है. शंकराचार्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो सरकार स्वयं को हिंदुत्ववादी बताती है, वही गौ तस्करी को बढ़ावा दे रही है.
इसे भी पढ़ें : गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित कैंटर डिवाइडर से टकराई, 3 लोगों की मौत
स्वामी जी ने कहा कि ‘भगवा चोला पहनकर गाय काटने का लाइसेंस देने वाले लोग हिंदुओं की रक्षा की बात नहीं कर सकते’. उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की जो गौसंरक्षण के लिए कार्य करें और गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने का समर्थन करें. उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गाय की रक्षा नहीं कर सकता, उसे मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बनने का नैतिक अधिकार नहीं है. स्वामी ने गौमाता की रक्षा और सम्मान को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का मूल आधार बताया.
इस मौके पर वैभव त्रिपाठी, संतोष पाठक, सिराजुद्दीन भुट्टो, हसन खान, डॉ. मसूद खान, महताब आलम, इकरामुद्दीन अंसारी, मौलाना आफताब, जफर अली मकुनी, इबरार खान, मु. सिद्दीक, मासूम खान, दरोगा हासमी, वसीम अंसारी और मेराज हासमी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे. मुस्लिम समाज के लोगों ने भी गौहत्या पर रोक लगाने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन किया.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

