गया। जिले के बांकेबाजार प्रखंड स्थित जमुआराखुर्द गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अग्निवीर सुभाष कुमार चौधरी जैसलमेर में ड्यूटी के दौरान एक दुर्घटना का शिकार होकर शहीद हो गए। साल 2023 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए सुभाष की तैनाती राजस्थान के जैसलमेर में थी। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

​डीजल खींचने के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

​घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान सुभाष कुमार ड्रम से पाइप के जरिए डीजल निकाल रहे थे। इसी प्रक्रिया के दौरान डीजल की कुछ मात्रा उनके पेट में चली गई, जिससे उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए अजमेर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चला।

​अजमेर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

​अजमेर के अस्पताल में करीब एक हफ्ते तक चले संघर्ष के बाद सोमवार को इलाज के दौरान अग्निवीर सुभाष कुमार ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और परिवार में कोहराम मच गया। गया चौधरी और मनवा देवी के बेटे सुभाष के इस तरह चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

​पैतृक गांव में अंतिम संस्कार

​मंगलवार को शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जमुआराखुर्द लाया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जमुआराखुर्द और आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। नम आंखों और भारत माता की जय के नारों के साथ सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हर कोई शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाता नजर आया।