गयाजी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में एक बंद कमरे के अंदर पति ने अपनी पत्नी की धारदार ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद के दोनों हाथों की नसें भी काट लीं। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय फेंकनी देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल पति मनोज कुमार (35 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वेंटिलेशन के जरिए अंदर पहुंचे बच्चे
मृतका के बड़े बेटे नीतीश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास गांव में आसपास ही दो घर हैं। एक घर में बच्चे और दादी सोते थे जबकि दूसरे घर में माता-पिता सोते थे। शनिवार की रात सभी ने साथ खाना खाया और अपने-अपने कमरे में सोने चले गए।
रविवार की सुबह जब नीतीश अपने माता-पिता को जगाने पहुंचा तो काफी खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा नॉक करने और शोर मचाने के बावजूद जब अंदर से दरवाजा नहीं खुला, तो उसने अपने 12 साल के छोटे भाई आजाद को वेंटिलेशन के रास्ते घर के अंदर भेजा। आजाद ने अंदर से दरवाजा खोला। जैसे ही दोनों भाई कमरे के अंदर गए, उनके होश उड़ गए। माता-पिता दोनों खून से लथपथ पड़े थे।
पैर टूटने के बाद पत्नी करती थी मजदूरी
बड़े बेटे नीतीश ने बताया कि उसके पिता मनोज पहले राजमिस्त्री का काम करते थे। पिछले साल दिसंबर में उनका एक पैर टूट गया था, जिसके बाद से वह कोई भी काम करने में असमर्थ हो गए थे।
पति के काम करने में सक्षम न होने के कारण घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी। घर का खर्च और दवाइयों के पैसे का इंतजाम करना मुश्किल हो गया था। हालात को संभालन के लिए मजबूरन फेंकनी देवी ने मजदूरी करना शुरू कर दिया था। मजदूरी से मिलने वाले पैसों से किसी तरह घर का खर्च और दवा का जुगाड़ हो पा रहा था। उनके तीन बेटे हैं जो पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि बेटी काजल की शादी हो चुकी है जो सावन में मायके आई हुई थी।
मजदूरी को लेकर था विवाद
नीतीश के अनुसार, फेंकनी देवी का बाहर जाकर मजदूरी करना उसके पति मनोज को बिल्कुल पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होता रहता था। हालांकि शनिवार की रात कमरे के अंदर असल में क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं है।
मुफस्सिल थाना के पुलिस इंस्पेक्टर देवराज इंद्र ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात को ब्लेड से अंजाम दिया गया है। मौके पर फेंकी देवी का गला कटा हुआ मिला और मनोज के दोनों हाथों की नसें कटी थीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस पारिवारिक संबंधों और आपसी विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है।


