गयाजी। पुरानी रंजिश के चलते एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला गयाजी केहेल्हा थाना क्षेत्र का है, जहां 4 अक्टूबर को इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
2 लाख की तय हुई थी सुपारी
पुलिस के अनुसार, मृतक शंकर मांझी की हत्या के लिए कुल 2 लाख रुपए की सुपारी तय की गई थी। मुख्य आरोपी बंटी राइडर ने सौदा तय होने पर एडवांस के तौर पर 1 लाख रुपए नगद दिए थे। दो साल पहले बंटी राइडर के भाई की हत्या हुई थी, जिसमें उसने शंकर मांझी को आरोपी बनाया था। हालांकि, पुलिस जांच में उस वारदात में शंकर मांझी की संलिप्तता के कोई ठोस सबूत नहीं मिले थे। पुलिस द्वारा क्लोजर या संलिप्तता न पाए जाने के बावजूद बंटी के मन में रंजिश पल रही थी। वह लगातार बदला लेने की फिराक में था और मौका मिलते ही उसने सुपारी देकर शंकर मांझी की हत्या करवा दी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस से खुला राज
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुशील कुमार के निर्देशन में एसपी सिटी, संबंधित सर्किल ऑफिसर (सीओ) और थानाध्यक्ष ने तत्काल मौके का मुआयना किया था। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण (टेक्निकल सर्विलांस) की मदद ली। इसी आधार पर पुलिस मुख्य शूटर और अन्य आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम बंटी उर्फ राइडर (मुख्य आरोपी), उसका भाई डाब उर्फ ओमकार और शक्ति कुमार हैं। इनमें से शक्ति कुमार वही मुख्य शूटर है जिसने शंकर मांझी को गोली मारी थी। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं पहले से 9 आपराधिक मामले
एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी बंटी उर्फ राइडर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट और डकैती जैसे लगभग 9 गंभीर मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांटेड चल रहा था। वहीं, मुख्य शूटर शक्ति कुमार पर भी हत्या के प्रयास समेत दो अन्य मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में और भी कई नाम सामने आ रहे हैं, जिनकी संलिप्तता की गहराई से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही अन्य संलिप्त लोगों को भी कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

