नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक ही बाइक पर सवार पांच दोस्त हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण दुर्घटना में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। त्योहार की खुशियों के बीच घटी इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​मृतकों और घायलों की पहचान

​हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सबनहुआडीह गांव निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार, और हरनौत आदर्शनगर निवासी प्रदीप जायसवाल के दो बेटों 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु तथा 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है। अभिमन्यु और अनीश सगे भाई थे। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हरनौत निवासी 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

​कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

​अस्पताल में भर्ती घायल अमित कुमार ने घटना की पूरी जानकारी दी। उसने बताया कि मंगलवार की देर रात सभी पांचों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले थे। बाइक गौतम चला रहा था। जब वे हरनौत में पिलर नंबर 51 के पास पहुंचे, तो अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में चालक गौतम ने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बाइक सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।
​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचों दोस्त बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं।

​घर से पटाखे जलाकर निकले थे युवक

​मृतक गौतम के भतीजे गुड्डू ने बताया कि रात में सभी लड़के घर के पास पटाखे जला रहे थे और रात करीब 10 बजे अचानक बाइक लेकर बाहर घूमने निकल गए। महज आधे घंटे बाद ही परिवार को इस दुखद हादसे की सूचना मिली। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए।
​वहां डॉक्टरों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अनीश, अमित और रवि को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान अनीश ने भी दम तोड़ दिया।

​किराना दुकान से जुड़ी थी गहरी दोस्ती

​मृतक अभिमन्यु और अनीश के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। मृतक गौतम भी इसी दुकान पर काम करता था। इसी वजह से तीनों के बीच गहरी दोस्ती और मेल-जोल था। त्योहार से ठीक पहले इस अप्रत्याशित हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ कर रख दिया है।
​हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।