गाजियाबाद. विजय नगर में नवरात्र के पहले दिन कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद तीन परिवारों के 16 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. बीमारों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया. इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई. तीनों परिवारों ने शनि बाजार स्थित एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था. खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान से आटे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं.
इसे भी पढ़ें- पीलीभीतः रामलीला के चंदे पर छिड़ा खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
रात ढाई बजे बिगड़ी लोगों की तबीयत
सेक्टर-12 निवासी ललित के मुताबिक, उनके परिवार के सदस्यों ने रात में कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी, कचौड़ी और पकौड़ी खाई थी. रात करीब ढाई बजे लोगों को तेज पेट दर्द और उल्टी होने लगी. इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया. परिवार के कुछ सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन लोगों को भर्ती करना पड़ा.
तीन परिवारों के 16 लोग हुए बीमार
इसी दुकान से आटा खरीदने वाले अनिल कुमार के परिवार के तीन सदस्य भी बीमार पड़ गए. वहीं, कॉलोनी में रहने वाले राजू के परिवार के छह लोगों को भी परेशानी हुई. अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार के अनुसार, इमरजेंसी में फूड पॉइजनिंग के 16 मरीज पहुंचे थे. सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया. पांच लोगों को भर्ती किया गया था, जबकि बाकी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया.
दुकान में मिली आटा चक्की, 30 किलो सामग्री जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने शर्मा किराना स्टोर की जांच की. अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में आटा पीसने की चक्की लगी थी. टीम ने चक्की बंद कराते हुए 20 किलो कुट्टू की गिरी और 10 किलो कुट्टू का आटा जब्त किया. आटे के पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, NCR के आधार पर नहीं रोका जा सकेगा पासपोर्ट; जानें FIR पर HC ने क्या कहा?
नवरात्र में व्रत के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
कुट्टू के आटे की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बीच व्रत रखने वालों को खाने-पीने में सावधानी बरतनी चाहिए. आटा खरीदते समय उसकी पैकिंग, निर्माण तिथि और गुणवत्ता की जांच करें. बासी या संदिग्ध सामग्री का इस्तेमाल न करें. पकवान साफ-सफाई से बनाएं और लंबे समय तक खुले में रखे भोजन से बचें. उल्टी, पेट दर्द या दस्त होने पर खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करें.

