पीलीभीतः उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में रामलीला कमेटी के चंदे और हिसाब-किताब को लेकर चल रहा पुराना विवाद सोमवार (12 अक्टूबर 2026) रात खूनी संघर्ष में बदल गया. अमरिया कस्बे में रात करीब 9:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. इसमें दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है.
इसे भी पढ़ें- लखनऊः होटल के कमरे में युवती के साथ क्या हुआ? 10वीं मंजिल से गिरकर मौत, साथ आया युवक फरार
रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर पुराना विवाद
पुलिस के मुताबिक, अमरिया कस्बे में रहने वाले कौशल गुप्ता और नरेश गुप्ता के परिवारों के बीच रामलीला कमेटी के चंदे के हिसाब को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. सोमवार शाम करीब 6 बजे एक कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हुई. रात में नरेश गुप्ता के बेटे मोहित और अंकित अपने साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर के पास पहुंचे. वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.
लाठी-डंडों से हमला, फिर अंधाधुंध फायरिंग
आरोप है कि कौशल गुप्ता ने अपने भाई हर्षित गुप्ता और चाचा संतोष गुप्ता के साथ मिलकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. पहले लाठी-डंडों से मारपीट की गई, फिर संतोष की लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की गई. गोली लगने से अंकित गुप्ता (30), मोहित गुप्ता (38) और राहगीर कुणाल श्रीवास्तव (18) गंभीर रूप से घायल हो गए. रोज गुप्ता (20) भी घायल हुआ.
अस्पताल में तीन ने तोड़ा दम
पुलिस घायलों को अस्पताल ले गई, जहां अंकित और कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया. गंभीर हालत में मोहित को बरेली रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. चौथे घायल रोज गुप्ता का बरेली के भोजीपुरा में इलाज चल रहा है. दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में मातम पसरा है.
इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, NCR के आधार पर नहीं रोका जा सकेगा पासपोर्ट; जानें FIR पर HC ने क्या कहा?
तीन आरोपी हिरासत में, हथियार बरामद
एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा के मुताबिक, कौशल गुप्ता, हर्षित गुप्ता और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा और लाठी-डंडे बरामद किए हैं. फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है. एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में रामलीला कमेटी के हिसाब को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पहले किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत नहीं की थी. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और इलाके में पुलिस बल तैनात है.

