गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बेटा नहीं होने से नाराज होकर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. आरोपी ने बीच-बचाव करने आई 14 वर्षीय छोटी बेटी पर भी हमला कर दिया.

घायल बेटी किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागी और शोर मचाया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

इसे भी पढ़ें- पर्याप्त चीनी उपलब्ध… शक्कर को लेकर बनी स्थिति के बीच योगी का आश्वासन, कहा- परेशान ना हों आमजन

आधी रात घर में हुआ खौफनाक हमला

यह घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है. आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी राजा अंसारी (45) के रूप में हुई है. वह खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता है और लोकप्रिय विहार कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृतक पत्नी तबस्सुम (35) और बेटी सना (15) के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घायल छोटी बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

छोटी बेटी ने बताई पूरी घटना

घायल बेटी ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उसने आरोप लगाया कि पिता अक्सर बेटा नहीं होने को लेकर मां से झगड़ा करते थे. बेटी के मुताबिक, विवाद के दौरान पिता किचन में गए और चाकू लेकर आए. उन्होंने मां पर हमला कर दिया. बड़ी बहन बचाने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया. इसके बाद आरोपी छोटी बेटी के पीछे भी चाकू लेकर दौड़ा. वह किसी तरह घर से बाहर भागी और पड़ोसियों को पूरी घटना बताई.

पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

बेटी की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे. घर के अंदर पत्नी और बेटी को खून से लथपथ देखकर उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

पड़ोसियों ने बताया- नशे का आदी और गुस्सैल था

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा अंसारी नशा करता था और उसका स्वभाव काफी गुस्सैल था. पड़ोसियों का कहना है कि बेटा नहीं होने को लेकर वह अक्सर पत्नी से विवाद करता था. पड़ोसी बाबू खान ने बताया कि परिवार के लोग बहुत कम लोगों से मिलते-जुलते थे. शुक्रवार रात घर से चीख-पुकार की आवाज आने के बाद लोग वहां पहुंचे और घटना की जानकारी हुई.

इसे भी पढ़ें- बच के कहां जाएगा… दरिंदे ने डेढ़ साल की मासूम से किया दुष्कर्म, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या के पीछे सिर्फ पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य वजह भी शामिल है.