सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मृतक युवक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके प्रेमिका ने ही अपने पति और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर थी। सभी ने पीट-पीट कर हत्या की घटना को अंजाम दिया था।

फंदे से लटका मिला था युवक का शव

पूरी घटना हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत मठ लोहियार वार्ड संख्या-7 की है। जहां मृतक अजय पटेल, का कल सुबह उसका शव नहर किनारे फूस के घर में फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में एफएसएल टीम तथा स्वान दस्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। और जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासा सामने आए।

प्रेमिका ने पति संग मिलकर की हत्या

अरेराज एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक युवक का गांव के ही तब्बू खातून से प्रेम प्रसंग चल रहा था, इसका पूर्व में भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। प्रेम प्रसंग में ही प्रेमिका ने अपने पति और सहयोगियों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी और हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

घटना को आत्महत्या देने कि कोशिश

हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए घटना के महज दो घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। अनुसंधान में सामने आया कि मृतक अजय पटेल का गांव की ही महिला तब्बू खातून से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर तब्बू खातून ने अपने पति असलम मियां और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर अजय पटेल की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने और घटना को आत्महत्या साबित करने के उद्देश्य से शव को गले में फंदा लगाकर टांग दिया गया।

जांच के दौरान मिले कई अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले। आरोपियों ने घर में गिरे खून के धब्बों को मिटाने के लिए मिट्टी डाल दी थी। एफएसएल टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। वहीं हत्या के बाद शव लटकाने में इस्तेमाल रस्सी का कुछ हिस्सा आरोपी असलम मियां के घर से बरामद किया गया। मृतक की मां के आवेदन पर हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मामले में पुलिस ने तब्बू खातून को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से रस्सी का हिस्सा, एक स्मार्ट मोबाइल फोन, एक जोड़ी चप्पल तथा एक उस्तरा बरामद किया है।

ये भी पढ़ें- दुखद: लीची तोड़ने पेड़ पर चढ़ी दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत, डाल टूटने से हुआ हादसा