Automobile Desk: ऑफ-रोड ड्राइविंग के शौकीनों और बड़ी गाड़ियो की पसंद रखने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। जापानी वाहन निर्माता कंपनी मित्सुबिशी (Mitsubishi) ने अपनी आइकॉनिक SUV ‘पजेरो’ को लगभग पांच साल के लंबे इंतजार के बाद एक नए अवतार में पेश कर दिया है। कंपनी ने अपनी 5th-Generation Mitsubishi Pajero का ग्लोबल डेब्यू कर दिया है, जिसे इस बार और भी ज्यादा प्रीमियम, मस्कुलर और ताकतवर 7-सीटर ऑफ-रोड SUV के रूप में तैयार किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गाड़ी की शुरुआत सबसे पहले थाईलैंड से होगी। इसके बाद कंपनी इसे जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े ऑटोमोबाइल मार्केट में उतारेगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शोरूम्स में यह नई पजेरो मार्च 2027 के अंत तक बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगी। हालांकि, भारतीय बाजार में इसके आने को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अगर भविष्य में मित्सुबिशी इसे भारत लाती है, तो इसका सीधा मुकाबला इस सेगमेंट में राज कर रही टोयोटा फॉर्च्यूनर से होगा।

लुक और डिजाइन के मामले में नई पजेरो में पुराने क्लासिक रेट्रो लुक की जगह एकदम आधुनिक और एग्रेसिव स्टाइलिंग देखने को मिलती है। इसका डिजाइन मित्सुबिशी की नई SUV ‘Xforce’ और ‘Destinator’ से काफी मिलता-जुलता है। गाड़ी में सामने की तरफ बड़ी ग्रिल, मस्कुलर व्हील आर्च और मजबूत लोअर बॉडी क्लैडिंग दी गई है, जो इसे रफ-एंड-टफ रोड प्रेजेंस देती है। इसका फ्लैट रूफलाइन और बड़ी खिड़कियां केबिन के भीतर ज्यादा हेडरूम और शानदार विजिबिलिटी का अहसास कराती हैं।

गाड़ी का केबिन बेहद लग्जरी और स्पेसियस बनाया गया है। इसमें 3-रो सीटिंग लेआउट दिया गया है, जिसमें 7 लोग आसानी से बैठ सकते हैं। सहूलियत के लिए सेकेंड रो की सीटों को 150 मिमी तक आगे-पीछे स्लाइड करने की सुविधा दी गई है, जिससे तीसरी रो के यात्रियों को पर्याप्त लेगरूम मिलता है और बूट स्पेस को भी जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जा सकता है।

इंटीरियर में प्रीमियम लेदर सीट्स, सॉफ्ट-टच डैशबोर्ड, ट्राई-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, रियर सनशेड और सेकेंड रो के लिए हीटेड सीट्स जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। केबिन को शांत रखने के लिए इसमें डबल-ग्लेज्ड साइड ग्लास और एकॉस्टिक विंडस्क्रीन का इस्तेमाल हुआ है।

टेक्नोलॉजी की बात करें तो टॉप ट्रिम में 14.3-इंच की दो बड़ी टचस्क्रीन डिस्प्ले और अन्य वेरिएंट्स में 12.3-इंच की स्क्रीन दी गई हैं। मनोरंजन के लिए 12-स्पीकर वाला यामाहा प्रीमियम साउंड सिस्टम और तीनों पंक्तियों में यूएसबी चार्जिंग पोर्ट मिलते हैं। ऑफ-रोडिंग मोड और 4-व्हील-ड्राइव सिस्टम को कंट्रोल करने के लिए रोटरी डायल के साथ-साथ जरूरी फीचर्स के लिए फिजिकल बटन भी दिए गए हैं।

पावरट्रैन के लिहाज से नई पजेरो में 2.4-लीटर का 4-सिलेंडर टर्बो-डीजल इंजन मिलता है, जो 204hp की अधिकतम पावर और 480Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसे नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जोड़ा गया है। SUV को ज्यादा मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए इसके लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म में हाई-टेंसाइल स्टील का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसकी बॉडी शॉक-एब्जॉर्प्शन और ऑफ-रोड कैपेबिलिटी के मामले में पहले से कहीं ज्यादा सख्त हो गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m