सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। केबल निर्माता कंपनी ग्लोस्टर केबल्स लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में आयोजित अपनी तकनीकी सेमिनार श्रृंखला का समापन किया। 31 अगस्त से 3 सितंबर के बीच रायगढ़ और रायपुर में हुए इन सेमिनारों में उद्योगों से जुड़े विशेषज्ञों, तकनीकी अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने हिस्सा लिया।

सेमिनार की शुरुआत 31 अगस्त को रायगढ़ से हुई। इसमें क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक और विनिर्माण इकाइयों के तकनीकी अधिकारी, प्लांट हेड और इलेक्ट्रिकल सलाहकार शामिल हुए। इस दौरान उद्योगों में केबल की सुरक्षा, बेहतर कामकाज और सही तरीके से केबल लगाने को लेकर जानकारी साझा की गई।

इसके बाद 2 सितंबर को रायपुर में PWD के वरिष्ठ इंजीनियरों और अधिकारियों के लिए विशेष सत्र रखा गया। इसमें सरकारी और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में केबल के सही चुनाव, तकनीकी मानकों और इंस्टॉलेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा हुई।

सेमिनार श्रृंखला का अंतिम कार्यक्रम 3 सितंबर को रायपुर में हुआ। इसमें औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। यहां भारी उद्योगों में बिजली की सप्लाई को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखने, पावर मैनेजमेंट और केबल सिस्टम की कार्यक्षमता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

ग्लोस्टर केबल्स के निदेशक विनय राठी ने कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कंपनी के काम, उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाओं और देश के औद्योगिक व बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में सहयोग देने की कंपनी की सोच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने केबल बिछाने, ट्रेंच बनाने, केबल की सही हैंडलिंग, साइट जांच और इंसुलेशन को सुरक्षित रखने जैसे विषयों को आसान तरीके से समझाया।

कार्यक्रम में सवाल-जवाब और खुली चर्चा भी हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने काम के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याएं साझा कीं। कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में उद्योग और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए तकनीकी जानकारी और बेहतर इंजीनियरिंग तरीकों को बढ़ावा देना है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H