Gopal Khemka Murder Case : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जाने-माने बिजनेसमैन गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना उनके आवास के पास स्थित एक अपार्टमेंट की है, जहां जैसे ही वे अपनी कार से उतरे, घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. खेमका की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद इस घटना पर सियासत भी शुरु हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
सैकड़ों व्यापारियों की हत्या, लेकिन जंगलराज नहीं
तेजस्वी यादव ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- ”थाना से चंद कदम दूर पटना में बिहार के बड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या! हर महीने बिहार में सैकड़ों व्यापारियों की हत्या हो रही है लेकिन जंगलराज नहीं कह सकते? क्योंकि इसे ही शास्त्रों में मीडिया प्रबंधन, परसेप्शन मैनेजमेंट और छवि प्रबंधन कहते है.”
सीएम हाउस में घुसकर वारदात को अंजाम दिया तो…
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने X पर लिखा- ”नीतीश नीत राक्षसराज में बिहार में कानून – व्यवस्था की अंत्येष्टि हो चुकी है ..राजधानी पटना के साथ – साथ पूरे सूबे में बेलगाम अपराध का आलम तो कुछ ऐसा है कि अगर किसी दिन ये सुनने को मिले कि बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े मुख्यमंत्री आवास में घुस कर किसी वारदात को अंजाम दे दिया तो कोई आश्चर्य नहीं होगा..!!”

थाने से महज 300 मीटर दूरी पर खेमका का अपार्टमेंट
वहीं दावा किया जा रहा है कि गांधी मैदान थाना क्षेत्र से महज 300 मीटर की दूरी पर गोपाल खेमका का अपार्टमेंट है. जहां अपराधी ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक के भाई संतोष खेमका कहना है कि घटना रात करीब 11 बजे की है लेकिन गांधी मैदान थाना की पुलिस करीब 1:30 बजे अस्पताल पहुंची. जबकि घटनास्थल थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर था.
SIT गठित, सीएम ने की बैठक
गोपाल खेमका की हत्या के बाद बिहार पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है. डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि एसपी सिटी सेंट्रल इस टीम का नेतृत्व करेंगे. घटना के बाद सीएम नीतीश कुमार ने डीजीपी विनय कुमार और अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ खेमका मर्डर केस की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने डीजीपी विनय कुमार से गोपाल खेमका के मर्डर को लेकर जानकारी ली. बैठक में नीतीश कुमार ने अधिकारियों को अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.

