अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के थावे प्रखंड अंतर्गत लछवार पंचायत के खानपुर अजमत गांव में बुधवार की सुबह एक घटना सामने आई। यहां 12 वर्षीय लड़की का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संजना कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी।

​दो दिन से लापता थी संजना

​जानकारी के अनुसार, संजना कुमारी दो दिन पहले अपने घर के बथान से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने अपनी स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बुधवार की सुबह जब गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पास उसका शव देखा गया, तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे, जहां कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​हत्या की आशंका और पुलिस जांच

​किशोरी का शव घर के पास मिलने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वजन ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है और गांव के ही एक पट्टीदार पर सीधा आरोप लगाया है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और इसमें संलिप्त लोगों की पुष्टि अभी तक आधिकारिक तौर पर नहीं हो पाई है।
​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और परिजनों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।