अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई ने आज शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। SVU की टीम ने गोपालगंज की ADM राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एडीएम पर अपनी वैध आय से 100 फीसदी से भी अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है।
शिकायत के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, राजेश्वरी पाण्डेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। विशेष निगरानी इकाई द्वारा इन आरोपों की गुप्त जांच और सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद अदालत से वारंट हासिल कर SVU की टीम ने उनके आवासीय और अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
जांच जारी, दस्तावेजों की पड़ताल
तलाशी अभियान के दौरान SVU की टीम एडीएम के आवास और कार्यालय में मौजूद संपत्ति, बैंक खातों, निवेशों और अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक कुल कितनी नकद राशि, जेवरात या बेनामी संपत्ति के कागजात मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति की सही और सटीक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
47वीं BPSC बैच के अधिकारी हैं राजेश्वरी पाण्डेय
राजेश्वरी पाण्डेय बिहार प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं और वे बिहार लोक सेवा आयोग की 47वीं बैच के पदाधिकारी बताए जाते हैं। गोपालगंज में अपर जिला दंडाधिकारी के पद पर तैनात होने से पहले वे राज्य के विभिन्न जिलों में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनके पूर्व पदस्थापनों में पूर्णिया में सीनियर डिप्टी कलेक्टर, योजना एवं विकास विभाग में ओएसडी (OSD), धमदाहा में एसडीएम, बारसोई में एडीएम तथा मोतिहारी में आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां शामिल हैं।
रोहतास के रहने वाले हैं एडीएम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एडीएम राजेश्वरी पाण्डेय मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के करगहर क्षेत्र स्थित ठोहसन गांव के निवासी हैं। प्रशासनिक गलियारों में इतने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ SVU की इस बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। फिलहाल SVU की टीम की ओर से कार्रवाई जारी है और जल्द ही इस मामले में औपचारिक बयान जारी किए जाने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: अनंत सिंह मानने को तैयार नहीं, श्रवण कुमार बोले- विरोध करने वालों पर होगी कार्रवाई

