अनुज पांडेय, गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत बगहवां मिश्र गांव में शनिवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बगहवां मिश्र गांव निवासी नेबुलाल यादव के इकलौते पुत्र अतुल यादव के रूप में हुई है। नवरात्र के पावन महासप्तमी के दिन घटी इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के इकलौते चिराग के बुझ जाने से त्योहार का सारा उल्लास और जश्न अचानक मातम में तब्दील हो गया है।

​अनधिकृत स्पीड ब्रेकर बना हादसे की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब चार बजे उस समय हुआ जब वार्ड संख्या 06 के वार्ड सदस्य संजय राम की ट्रैक्टर-ट्रॉली आलू निकासी के लिए कोल्ड स्टोरेज की तरफ जा रही थी। किशोर अतुल यादव भी इसी वाहन पर सवार था. जैसे ही वाहन मिश्र बगहवां के वृत्ति टोला की मुख्य सड़क से गुजरा, रास्ते में एक बड़ा झटका लगा जिससे अतुल असंतुलित होकर नीचे सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
​स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य सड़क पर बिजली के पुराने खंभे को जमीन पर लिटाकर एक खतरनाक और जुगाड़ू स्पीड ब्रेकर बनाया गया था। इसी अनधिकृत ब्रेकर के कारण ट्रैक्टर को जोरदार झटका लगा, जो इस जानलेवा हादसे का मुख्य कारण बना।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल अतुल को लेकर भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा परिसर गूंज उठा. इकलौते बेटे के असमय निधन से मां और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

​पुलिस कार्रवाई और जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया है। ओपी प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।