कुंदन कुमार, पटना। ​शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरूप देवी कालरात्रि की पूजा पूरे विधि-विधान के साथ हो रही है। राजधानी पटना के बोरिंग रोड, बेली रोड, डाकबंगला चौराहा और एतवारपुर समेत कई प्रमुख इलाकों में भव्य पंडाल बनाए गए हैं, जिनके पट वेदोक्त मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। इस बार पटना के पंडालों में देश के प्रसिद्ध मंदिरों और कला की अनूठी झलक देखने को मिल रही है, जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

​एतवारपुर में पुरी जगन्नाथ मंदिर का अद्भुत नजारा

पटना के एतवारपुर में इस बार ओडिशा के प्रसिद्ध पुरी जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर विशाल पंडाल तैयार किया गया है। इस पंडाल की ऊंचाई 121 फीट और चौड़ाई 120 फीट है। पश्चिम बंगाल और स्थानीय स्तर के करीब 80 कारीगरों ने मिलकर इस भव्य संरचना को आकार दिया है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

​डाकबंगला चौराहा पर खजुराहो मंदिर की कलाकारी

हर साल की तरह इस बार भी डाकबंगला चौराहा पर बेहद आकर्षक पंडाल बनाया गया है, जो खजुराहो मंदिर की थीम पर आधारित है। इसकी ऊंचाई करीब 80 फीट और चौड़ाई 55 फीट है। पूजा समिति के अध्यक्ष संजीव प्रसाद टोनी के अनुसार, इस पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के कांथी के डेकोरेटर द्वारा किया गया है, जबकि इसकी खास डिजाइन कोलकाता आर्ट कॉलेज के जाने-माने कलाकार रितेश चटर्जी ने तैयार की है।

​शिवलिंगनुमा पंडाल और 20 हजार घंटियां

बोरिंग कैनाल रोड स्थित हिमगिरी चौराहा के पास इस बार अनूठा प्रयोग करते हुए करीब 100 फीट ऊंचा और 150 मीटर लंबा शिवलिंग के आकार का पंडाल तैयार किया गया है। इस विशाल पंडाल को लगभग 20 हजार पवित्र घंटियों से सजाया गया है, जिसकी घंटियों की आवाज और भव्यता देखते ही बनती है।

​यूरोपीय रॉयल पैलेस और कैलाश पर्वत की झलक

पुनाईचक इलाके में यूरोप के रॉयल पैलेस की तर्ज पर एक शानदार पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसकी ऊंचाई 120 फीट और चौड़ाई 50 फीट है। बंगाल से आए 22 कुशल कारीगरों ने इसे तैयार किया है। इसके अलावा बेली रोड पर खाजपुरा शिव मंदिर के पास कैलाश पर्वत की थीम पर भव्य पंडाल बना है। इस पंडालनुमा पर्वत पर रावण को हाथ से उठाते हुए दिखाया गया है, जिसके एक तरफ भगवान राम और दूसरी तरफ हनुमान जी वध की मुद्रा में नजर आ रहे हैं। वहीं, मीठापुर नहर के पास दक्षिणेश्वरी काली मंदिर की तर्ज पर बने पंडाल ने भी लोगों का मन मोह लिया है।