गोरखपुर. बीते 10 सितंबर को शहर के राजघाट में हुए हादसे को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि “गोरखपुर के अंदर शमशान घोटाला. छज्जा गिर गया जिसमें दो वकील लोग मारे गए. अब योगी के क्षेत्र में शमशान का घोटाला हो रहा है. आखिरी जगह पर भी घोटाले हो रहे है जहां राम-नाम सत्य बोल के जाता है कि राम ही सत्य हैं, वहां पर चोरी कर रहे हैं, वहां भी खा जा रहे हैं.”

बता दें कि गुरुवार को ही अजय राय ने हादसे में जान गंवाने वाले दो अधिवक्ताओं के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की थी. उन्होंने पीड़ित परिवारों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक-एक सरकारी नौकरी देने की मांग की थी. पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि श्मशान घाट पर भी भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हो रही है.

इसे भी पढ़ें : सड़क पर खेती! गड्ढों और जलभराव पर सपा का अनोखा विरोध, प्रशासन को 7 दिन की मोहलत

अजय राय ने कहा था कि लोग वहां भी चोरी कर रहे हैं, जहां व्यक्ति झूठ नहीं बोलता. उन्होंने दावा किया कि श्मशान घाट में भी कमीशनखोरी हुई और अब वहां जर्जर होने का बोर्ड लगा दिया गया है. उन्होंने कहा था कि 6 साल में ही यह स्थिति हो गई है और उनके मुताबिक भाजपा के लोगों ने व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया था कि हर तरफ कमीशनखोरी और चोरी चल रही है. राजघाट हादसे में जिन लोगों की जिम्मेदारी बनती है, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये की सहायता और एक सरकारी नौकरी की मांग रखी थी.