सतीश सिंह, गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर की 495 करोड़ रुपये की गोड़धोइया नाला पुनरोद्धार परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर भूमाफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा शासन में सरकारी जमीनों पर गलत इंदराज कर लोगों को बरगलाकर जमीनें बेची गईं, जबकि उनकी सरकार ने प्रभावित लोगों को सम्मानजनक मुआवजा देने का काम किया.
जेल बाईपास पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोड़धोइया नाला के आसपास जमीन खरीदने वाले कई लोग भूमाफियाओं की धोखाधड़ी का शिकार हुए थे. भाजपा सरकार ने जमीन के अभिलेखों में दर्ज लोगों को मुआवजा देकर उनके साथ न्याय किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बारिश के दौरान गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र के 17 वार्ड जलभराव की समस्या से जूझते थे, लेकिन गोड़धोइया नाला के पुनरोद्धार का ही परिणाम है कि हाल ही में 15 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद कहीं जलभराव नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि जब महानगर के सभी नालों का पुनरोद्धार पूरा हो जाएगा, तब शहर में एक बूंद पानी भी जमा नहीं होगा.
इसे भी पढ़ें : लापरवाही हुई तो छुट्टी होना तय : योगी की चेतावनी, कहा- जलभराव बर्दाश्त नहीं, चूक हुई तो कार्रवाई पक्की
सीएम योगी ने बताया कि 9.50 किलोमीटर लंबे और 10 मीटर चौड़े इस नाले के साथ 18 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जा रही है. इसके अलावा 36 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी का मास्टर पंप स्टेशन और 14 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है. भविष्य में नाले के दोनों किनारों पर सड़क, रेलिंग, फुटपाथ और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी. उन्होंने लोगों से नाले में कूड़ा-कचरा नहीं डालने की अपील करते हुए कहा कि यदि इसका संरक्षण किया गया तो अगले 50 से 100 वर्षों तक गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल सकती है. उन्होंने नाले के दोनों किनारों पर सघन पौधरोपण कर हरित वातावरण विकसित करने का भी आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र की करीब तीन लाख आबादी लाभान्वित हो रही है. बेहतर आधारभूत सुविधाओं के कारण यहां की संपत्तियों का मूल्य भी कई गुना बढ़ा है और गोरखपुर व्यापार एवं निवेश का नया केंद्र बन रहा है. कार्यक्रम के दौरान बारिश शुरू होने पर मुख्यमंत्री ने पंडाल के बाहर खड़े लोगों को भी जर्मन हैंगर पंडाल के भीतर बुला लिया. उनकी इस आत्मीयता पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया. इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर अभूतपूर्व विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. वहीं, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने गोड़धोइया नाला परियोजना को मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का प्रतीक बताया.


