गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक 11वीं के छात्र ने ऑनलाइन गेम की लत में ऐसा खतरनाक कदम उठा लिया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. छात्र ने PUB-G खेलने के दौरान करीब 3 लाख रुपये गंवा दिए. जब दोस्तों ने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रच डाली.

छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड की मदद से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ऐसी तस्वीर तैयार कराई, जिसमें उसके मुंह पर टेप लगा था और शरीर पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे. उसने यही फोटो अपने पिता को भेजकर 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

इसे भी पढ़ें- यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 75 जिलों में बारिश का अलर्ट; 16 जिलों में बाढ़ का कहर, घरों में घुसा गंगा-यमुना का पानी

AI फोटो देखकर पिता के उड़े होश, पुलिस को दी सूचना

मामला गोरखपुर जिले के सिकरीगंज क्षेत्र का है. 16 वर्षीय छात्र के पिता कपड़ा कारोबारी हैं. छात्र शहर के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है. मंगलवार रात छात्र ने पिता के वॉट्सएप पर AI से बनाई गई फोटो भेजी. तस्वीर में ऐसा दिखाया गया था कि उसका अपहरण कर लिया गया है और उसके साथ मारपीट की गई है. फोटो के साथ मैसेज लिखा था- “तुम्हें अपने बेटे की फिक्र नहीं है क्या? जल्द 1 लाख रुपये भेज दो, नहीं तो बेटे की लाश मिलेगी.” मैसेज पढ़ते ही पिता घबरा गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

PUB-G की लत में लिया 3 लाख का कर्ज

पुलिस जांच में पता चला कि छात्र को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी. PUB-G खेलने के चक्कर में उसने दोस्तों और परिचितों से पैसे उधार ले लिए थे. धीरे-धीरे उस पर करीब 3 लाख रुपये का कर्ज हो गया. जब दोस्तों ने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो वह परेशान हो गया. इसके बाद उसने दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से संपर्क किया और खुद के अपहरण की कहानी बनाने की योजना बनाई. गर्लफ्रेंड ने AI की मदद से छात्र की ऐसी फोटो तैयार कर दी, जिससे लगे कि उसे बंधक बनाकर पीटा गया है.

फोन फ्लाइट मोड में डाला, दोस्त के Wi-Fi से भेजा मैसेज

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे छात्र घर से सिकरीगंज जाने की बात कहकर निकला था. वहां पहुंचकर उसने अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाल दिया. इसके बाद उसने दोस्त के घर के Wi-Fi से फोन कनेक्ट किया और रात करीब 9:47 बजे पिता को धमकी भरा मैसेज भेजा. छात्र ने पैसे भेजने के लिए एक नंबर भी दिया. पिता ने ऑनलाइन भुगतान में असमर्थता जताई तो छात्र ने 2 लाख रुपये कैश लेकर आने को कहा. इसके बाद पिता धनघटा थाने पहुंचे और बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.

इसे भी पढ़ें- ‘कानून पहले या पार्टी हित?’ शिवपाल के बयान पर बृजलाल ने उठाए बड़े सवाल

सर्विलांस से खुला पूरा राज, दोस्त के घर मिला छात्र

पुलिस ने छात्र के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया. जांच में पता चला कि उसका फोन सिकरीगंज इलाके में एक्टिव है. इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार रात करीब 2 बजे एक दोस्त के घर पहुंचकर छात्र को बरामद कर लिया. पूछताछ में उसने पूरी साजिश कबूल कर ली. एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि छात्र ने कर्ज चुकाने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी. पुलिस ने पूछताछ के बाद छात्र को परिजनों के हवाले कर दिया है.