गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद रवि किशन और मंत्री संजय निषाद की चुटकी ली. उन्होंने दोनों नेताओं के भाषण देने के अंदाज पर मजाकिया टिप्पणी की. सीएम ने कहा कि रवि किशन और संजय निषाद दोनों अच्छे संवाद बोलते हैं. दोनों को मिलकर एक फिल्म बनानी चाहिए. इससे उनके डायलॉग और भी मशहूर हो जाएंगे. मुख्यमंत्री की यह बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे और जमकर तालियां बजाईं.

योगी आदित्यनाथ इन दिनों तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर में हैं. रविवार को उन्होंने चौरी चौरा स्थित शहीद स्थली पर कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा.

इसे भी पढ़ें- लखीमपुर में बेकाबू डंपर ने 4 लोगों को रौंदा, 2 साल के मासूम समेत 3 की मौत

रवि किशन और संजय निषाद पर किया मजाक

मुख्यमंत्री ने कहा कि संजय निषाद ने दमदार भाषण दिया. उनका अंदाज सांसद रवि किशन जैसा है. उन्होंने रवि किशन से कहा कि वह संजय निषाद के साथ मिलकर एक फिल्म बनाएं. दोनों की डायलॉगबाजी खूब मशहूर होगी. इस टिप्पणी पर रवि किशन और संजय निषाद भी मुस्कुराते नजर आए. दोनों ने खड़े होकर हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया.

सपा पर सीएम योगी का तीखा हमला

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा की दुम कुत्ते की तरह है, जो कभी सीधी नहीं होती. सीएम ने आरोप लगाया कि सपा के शासन में 10 लाख गुंडे पाले गए, जबकि उनकी सरकार ने 10 लाख नौकरियां दी हैं.

499 करोड़ की नाला परियोजना का लोकार्पण

सीएम योगी रविवार को चौरी चौरा की शहीद स्थली पहुंचे. इसके बाद उन्होंने मोहद्दीपुर-असुरन रोड पर ओवरब्रिज के पास गोड़धोइया नाला परियोजना के तहत बने पक्के नाले का लोकार्पण किया. इस हिस्से की लागत 499 करोड़ रुपये बताई गई. नाले की लंबाई 7.75 किलोमीटर है.

इसे भी पढ़ें- फिरोजाबाद में दो सगे भाइयों का एनकाउंटर, किशोरी से दुष्कर्म के आरोपियों के पैर में लगी गोली

888 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने 888 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजना का शिलान्यास भी किया. इसमें पक्का नाला, सीवर लाइन और नाले के किनारे सड़क का निर्माण शामिल है. दावा है कि इससे करीब 17 वार्डों को फायदा होगा. परियोजना पूरी होने पर इलाके में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.