फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में 16 साल की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. आज सोमवार तड़के खैरगढ़ इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी. पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की है. उनका एक अन्य साथी फरार है. उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.

इसे भी पढ़ें- कुशीनगर में पिता-पुत्र समेत 6 की मौत, भयानक सड़क हादसे में ट्रेलर से टकराई ईको वैन, काटकर निकालने पड़े शव

शनिवार शाम घर से निकली थी किशोरी

पुलिस के मुताबिक, गांव की 16 वर्षीय किशोरी शनिवार शाम शौच के लिए घर से निकली थी. देर रात तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. परिवार के लोग रातभर उसे खोजते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला.

खेत में घायल हालत में मिली

रविवार सुबह करीब 9 बजे गांव के उदयवीर सिंह सब्जी लेने खेत पहुंचे. इसी दौरान उन्हें किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी. पास जाकर देखा तो किशोरी गांव से करीब 300 मीटर दूर खेत में घायल हालत में पड़ी थी. उसके शरीर पर चोट के निशान थे. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

अस्पताल पहुंचाया, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलने पर खैरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी.

इसे भी पढ़ें- आजम खां से पूछताछ के लिए ED मांगेगी रिमांड, 426 करोड़ की संपत्तियों पर होंगे सवाल

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के मुखबिर से आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद खैरगढ़ इलाके में घेराबंदी की गई. खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में नगला सत्तू के रहने वाले जगत और ऋषि के पैर में गोली लगी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों सगे भाई बताए गए हैं. पुलिस अब उनके फरार साथी की तलाश कर रही है.