लखनऊ. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खां की गिरफ्तारी के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब उनसे पूछताछ की तैयारी कर रहा है. एजेंसी जल्द ही अदालत में रिमांड अर्जी दाखिल कर सकती है. इसके बाद आजम खां से आमने-सामने पूछताछ की जाएगी. जांच में 426.46 करोड़ रुपये की संपत्तियों और उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन पर सवाल पूछे जाएंगे.

ED ने 31 अक्टूबर को आजम खां को गिरफ्तार किया था. विशेष पीएमएलए अदालत, गाजियाबाद ने रविवार को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इससे पहले 13 अक्टूबर को एजेंसी ने रामपुर जेल में उनसे पूछताछ की थी. इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में नई FIR दर्ज कराई गई थी.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: अर्नब तूफान के बाद बढ़ी ठंड, दिन का पारा 8°C तक गिरा; कई जिलों में घना कोहरा

जौहर ट्रस्ट के लेन-देन की जांच तेज

ED की जांच का मुख्य केंद्र जौहर ट्रस्ट और आजम खां से जुड़े वित्तीय लेन-देन हैं. एजेंसी का आरोप है कि सार्वजनिक कार्यों के लिए तय धन और सामग्री का इस्तेमाल जौहर विश्वविद्यालय में किया गया. सरकारी ठेके हासिल करने वाले कुछ ठेकेदारों से ट्रस्ट तक पैसा पहुंचने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं.

426 करोड़ की संपत्तियों पर होंगे सवाल

ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन संपत्तियों के लिए पैसा कहां से आया और उसका इस्तेमाल कैसे हुआ. एजेंसी के मुताबिक, जांच के दायरे में शामिल संपत्तियों का मूल्य 426.46 करोड़ रुपये है. इनका मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये आंका गया है.

26 FIR के आधार पर शुरू हुई थी जांच

इस मामले की जांच वर्ष 2019 में रामपुर के अजीमनगर थाने में दर्ज 26 FIR के आधार पर शुरू हुई थी. इनमें किसानों की जमीन जौहर विश्वविद्यालय के लिए जबरन कब्जाने और धमकी देकर बैनामा कराने जैसे आरोप लगाए गए थे. अगस्त 2026 में ED ने विश्वविद्यालय और उससे जुड़े परिसरों पर छापेमारी की थी. इस दौरान दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे.

इसे भी पढ़ें- ‘मुसलमानों को दूसरे दर्जे का नागरिक बनाने वाले देश के दुश्मन’, मौलाना मदनी का तीखा बयान

संजय सिंह ने गिरफ्तारी को बताया अत्याचार

आजम खां की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने विरोध जताया है. उन्होंने इसे सरकारी तानाशाही और अत्याचार बताया. फिलहाल ED की अगली कार्रवाई रिमांड अर्जी और अदालत के फैसले पर निर्भर करेगी.