लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अर्नब तूफान के असर से हुई लगातार तीन दिन की बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है. दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. सुबह लखनऊ, सहारनपुर, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा. कई जगह दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं, रात का पारा 4 से 6 डिग्री तक गिरने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें- बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक लखनऊ रेफर

वाराणसी में रात को तेज बारिश, सुबह छाया कोहरा

रविवार रात करीब 8:30 बजे वाराणसी में तेज बारिश हुई. इसके बाद सुबह कई शहरों में कोहरा देखने को मिला. सड़कों पर आवाजाही कम रही और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई.

अक्टूबर में औसत से 14% ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर में यूपी में 32.1 मिलीमीटर बारिश हुई. सामान्य औसत 28.2 मिलीमीटर है. इस तरह प्रदेश में औसत से 14 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई. नवंबर में पूर्वी यूपी में सामान्य या उससे अधिक बारिश के आसार हैं. पश्चिमी यूपी में सामान्य से कम वर्षा हो सकती है.

किसानों को बुवाई और सिंचाई में सावधानी की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को रबी फसलों के प्रबंधन में सतर्क रहने की सलाह दी है. पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी का इंतजाम रखें. जिन खेतों में पर्याप्त नमी है, वहां अनावश्यक सिंचाई न करें.

इसे भी पढ़ें- बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से तीन युवकों की मौत, एक लखनऊ रेफर

CM योगी ने फसल नुकसान का आकलन करने के दिए निर्देश

अर्नब तूफान और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को तत्काल सर्वे करने को कहा है. उन्होंने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में देरी न करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने कहा कि तय मुआवजे से अधिक नुकसान होने पर भी किसानों को राहत देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं.