राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक दाखिले शुरू हो गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 31 मई तक ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

राजेश वर्मा, अंबाला। उच्चतर शिक्षा निदेशालय, पंचकुला के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 के लिए राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में स्नातक (UG) कक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य रोहित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल 07 मई 2026 से विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन के लिए खोल दिया गया है। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 31 मई तक उच्चतर शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट admissions.highereduhry.ac.in पर जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं। यह प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी।

पाठ्यक्रम और उपलब्ध सीटों का विवरण

नारायणगढ़ महाविद्यालय में विभिन्न संकायों में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। प्राचार्य के अनुसार, बी.ए. में सर्वाधिक 450 सीटें, बी.कॉम. में 240 सीटें, बी.एससी. फिजिकल साइंस (नॉन-मेडिकल और कंप्यूटर साइंस) में 140 सीटें, बी.सी.ए. में 80 और बी.बी.ए. में 60 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा, महाविद्यालय ने आधुनिक समय की मांग को देखते हुए एम.एससी. कंप्यूटर साइंस और एम.ए. पॉलिटिकल साइंस जैसे नए कोर्सेज भी शुरू किए हैं। वहीं एम.कॉम, एम.ए. हिस्ट्री, एम.ए. इंग्लिश और पीजीडीसीए जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम पहले से ही सफलतापुर्वक संचालित किए जा रहे हैं।

समग्र विकास और आधुनिक सुविधाएं

प्राचार्य रोहित कुमार ने संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी समर्पित है। परिसर में सुसज्जित पुस्तकालय, आधुनिक कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएँ और छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है। इसके अलावा, एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS), रेड क्रॉस और प्लेसमेंट सेल जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और व्यावसायिक कौशल को निखारने में मदद करती हैं। प्राचार्य ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें।

सहायता और संपर्क केंद्र

दाखिला प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका या तकनीकी जानकारी के लिए विद्यार्थी और अभिभावक कॉलेज के कार्यालय समय के दौरान हेल्पलाइन नंबर 01734-218032 पर संपर्क कर सकते हैं। महाविद्यालय परिवार ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाने और उच्च शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया है।