WhatsApp के Username नामक नए फीचर को लेकर सरकार को आशंका है कि व्हाट्सएप यूजर आईडी की वजह से ऑनलाइन फ्रॉड के मामले बढ़ सकते हैं. केंद्र सरकार वॉट्सएप के नए यूजरनेम फीचर की जांच करेगी. सरकार का कहना है कि इस फीचर से पहचान छिपाकर धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड का खतरा काफी बढ़ सकता है. अब सरकार की ओर से इस फीचर के रोलआउट को होल्ड करने के बाद अब कंपनी का जवाब आया है.

कंपनी इस फीचर को प्राइवेसी के तौर पर लॉन्च करने की तैयारी में थी, लेकिन भारत सरकार इसे सिर्फ एक नया फीचर नहीं मान रही. 

कंपनी ने फिलहाल यूजर्स के लिए Username Reservation शुरू कर दिया है, लेकिन लॉन्चिंग से पहले इस फीचर को लेकर विवाद हो गया है. सरकार की ओर से मेटा को इस नए यूजरनेम फीचर के रोलआउट को होल्ड करने के लिए कहा गया है, और तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है.

फीचर के आधिकारिक रोलआउट से पहले Meta ने इससे जुड़े कुछ अहम सवालों के जवाब दिए हैं:

WhatsApp पर इस नए फीचर Username को रखना पूरी तरह Optional होगा। यानी यूजर चाहें तो बिना Username के भी ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे. पसंदीदा Username उपलब्ध नहीं होने के कई कारण हो सकते है. जैसे पहले से Instagram या Facebook पर किसी यूजर का Username हो.

वहीं Meta ने स्पष्ट किया है कि Username फीचर अभी लाइव नहीं हुआ है और इसे इस साल के आखिर में चरणबद्ध तरीके से लॉन्च किया जाएगा.

कंपनी ने आगे कहा है कि प्रसिद्ध व्यक्ति, सेलिब्रिटी, सरकारी संस्था या Meta Verified अकाउंट से जुड़े नाम और उनके कई वेरिएशन सुरक्षित रखे गए हों, ये भी एक कारण हो सकता है पसंदीदा Username उपलब्ध नहीं होने का. ऐसे में WhatsApp का Username Generator वैकल्पिक सुझाव देगा.

Meta ने बताया कि, यूजर भविष्य में अपना Username बदल सकेंगे, बशर्ते नया Username उपलब्ध हो.

Meta ने आगे कहा है कि फिलहाल Username के जरिए मैसेज भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं है. कंपनी ब्लॉक और रिपोर्ट किए गए अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखेगी, ताकि फर्जीवाड़े और स्कैम पर रोक लगाई जा सके. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि WhatsApp पर Username सर्च नहीं किया जा सकेगा, ठीक वैसे ही जैसे वर्तमान में किसी फोन नंबर को सीधे खोजा नहीं जा सकता.

कंपनी की ओर से यह प्रतिक्रिया तब आई जब भारत सरकार ने कंपनी को मैसेजिंग ऐप के यूज़रनेम फीचर को लॉन्च करने की योजना पर नोटिस भेजा. कंपनी के प्रवक्ता ने नोटिस मिलने के बाद जवाब में कहा, हमने लोगों के लिए WhatsApp पर अपनी पसंद का यूजरनेम रिज़र्व करने का विकल्प घोषित किया है.

 Meta का कहना है कि वह यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर इस फीचर को बेहतर बनाकर लॉन्च करना चाहता है. यूजरनेम इस्तेमाल करने की सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है और इसे इस साल के आखिर में धीरे-धीरे रोल आउट किया जाएगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m