Delhi Vidya Vahini Scheme: दिल्ली सरकार छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और स्कूल छोड़ने की समस्या को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) आज ‘विद्या वाहिनी’ योजना (‘Vidya Vahini’ scheme) का शुभारंभ करेंगी। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिलें प्रदान की जाएंगी। सरकार का मानना है कि कई छात्राओं को स्कूल आने-जाने में दूरी और परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ‘विद्या वाहिनी’ योजना के जरिए छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का साधन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

1.40 लाख छात्राओं को मिलेंगी मुफ्त साइकिलें

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ईस्ट विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक कार्यक्रम में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करेंगी। योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिलें प्रदान की जाएंगी, ताकि उन्हें स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पहले चरण में 3,000 छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ साइकिलें वितरित की जाएंगी। सरकार ने अगले एक महीने के भीतर चरणबद्ध तरीके से दिल्ली की करीब 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

क्या बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि राज्य की कोई भी बेटी केवल दूरी, संसाधनों की कमी या परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण अपनी शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ केवल एक साइकिल नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उनके अनुसार यह योजना न केवल छात्राओं की पढ़ाई को आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें उच्च शिक्षा के लिए भी प्रेरित करेगी। सरकार का कहना है कि कई छात्राओं को रोजाना स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में मुफ्त साइकिल मिलने से उनका समय बचेगा और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। साथ ही परिवारों पर परिवहन का आर्थिक बोझ भी कम होगा।

मार्च में भी बांटी गई थीं साइकिलें

इससे पहले मार्च में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के 9 स्कूलों की करीब 1,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित की थीं। उस दौरान उन्होंने लड़कियों की निर्बाध शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई थी। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा था कि इस पहल का उद्देश्य उन बाधाओं को दूर करना है, जो अक्सर लड़कियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने से रोकती हैं। इनमें घर से स्कूल की दूरी और परिवहन संबंधी समस्याएं प्रमुख हैं। उन्होंने कहा था, “दिल्ली की हर बेटी बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर सकती है, स्कूल की पढ़ाई पूरी कर सकती है, ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल कर सकती है और जो चाहे वह बन सकती है। सरकार उसके रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के लिए काम करेगी।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m