नोएडा. यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार (23 सितंबर 2026) देर रात एक प्राइवेट स्लीपर AC बस में भीषण आग (Yamuna Expressway bus fire) लग गई. हादसे में 9 लोगों के जिंदा जलने से मौत हो गई. बस में करीब 35 यात्री सवार थे. आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोगों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई. हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ है. इस दुर्घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में आग लगने से लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.’

इसे भी पढ़ें : यमुना एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले 9 यात्री, स्लीपर AC बस में भीषण आग; खिड़की से कूदकर कई ने बचाई जान

पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

वहीं प्रधानमंत्री ने लिखा कि ‘ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में एक बस में आग लगने से हुई मौतों के बारे में सुनकर दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.’ पीएम ने PMNRF से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की एक्स-ग्रेसिया (अनुग्रह राशि) देने की घोषणा की है.

राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा ‘ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से हुई यात्रियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. इस दर्दनाक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उनके शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’ वहीं सीएम योगी ने कहा कि ‘यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’