लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आज पर्यावरण संरक्षण के इतिहास का सबसे बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे। योगी सरकार ने इस बार पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, आयोगों के अध्यक्ष और शासन के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीएम योगी गोरखपुर से करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप नीम, पीपल और बरगद की पवित्र त्रिवेणी का पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड किनारे मौलश्री का पौधा लगाएंगे और जनसभा को संबोधित कर प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का आह्वान करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे।

जनसहभागिता का उत्सव

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अभियान को जनसहभागिता का उत्सव बनाया गया है। इसी के तहत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी लखनऊ में इस अभियान में भाग लेंगे। इसके अलावा जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपण करेंगे।

READ MORE: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना

प्रदेश सरकार के मंत्रियों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूर्य प्रताप शाही देवरिया, सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, स्वतंत्र देव सिंह जालौन, भूपेंद्र चौधरी मुरादाबाद, योगेंद्र उपाध्याय आगरा, बेबी रानी मौर्य एटा, लक्ष्मी नारायण चौधरी मथुरा, जयवीर सिंह फिरोजाबाद, धर्मपाल सिंह बरेली, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रयागराज, अनिल राजभर चंदौली, राकेश सचान कानपुर नगर, ए.के. शर्मा आजमगढ़, संजय निषाद अंबेडकरनगर, ओमप्रकाश राजभर गाजीपुर, दारा सिंह चौहान मऊ, सुनील कुमार शर्मा नोएडा, मनोज पांडेय प्रतापगढ़ और अनिल कुमार बिजनौर में पौधरोपण कर अभियान का नेतृत्व करेंगे। आयोगों और बोर्डों के अध्यक्ष भी विभिन्न जिलों में जनता के बीच रहकर इस महाअभियान में भाग लेंगे।

READ MORE: काली मंदिर ध्वस्तीकरण हादसा: घायल मजदूर की मौत, विधायक प्रभु नारायण ने की मुआवजे की मांग

अभियान की निगरानी और समन्वय के लिए शासन ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया है। खेल सचिव सुहास एलवाई को गोरखपुर, प्रमुख सचिव (नियुक्ति) एम. देवराज को लखनऊ, प्रमुख सचिव (सहकारिता) अजय कुमार शुक्ल को प्रयागराज, प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र को सहारनपुर, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार को वाराणसी, डॉ. रोशन जैकब को बस्ती, परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन को बलिया, अमित गुप्ता को अयोध्या, रणवीर प्रसाद को बहराइच, अनिल गर्ग को नोएडा तथा रंजन कुमार को बागपत सहित सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

READ MORE: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का रायबरेली दौरा: राम मंदिर चोरी पर दिया बड़ा बयान, गौ रक्षा यात्रा का भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में इस अभियान के तहत 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाए जाएंगे। यहां 27 विभागों के समन्वय से पौधरोपण होगा। अकेले वन विभाग को 19.37 लाख, ग्राम विकास विभाग को 18.61 लाख, कृषि विभाग को 5.76 लाख, उद्यान विभाग को 2.85 लाख, पर्यावरण विभाग को 2.38 लाख, पंचायती राज विभाग को 2.02 लाख और राजस्व विभाग को 1.43 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।