राजेश वर्मा,नारायणगढ़ (अम्बाला)।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खानपुर लबाना ने एक बार फिर शैक्षणिक उपलब्धियों से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुपर 100 परीक्षा परिणाम में कक्षा 10वीं के छात्र वैभव ने अंबाला जिले में चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य नवनीत कौर और समस्त स्टाफ ने छात्र वैभव को सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी 100 प्रतिशत रहा, जो विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। कॉमर्स संकाय की छात्रा हिमानी ने 449 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।

प्रधानाचार्य नवनीत कौर ने बताया कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देना और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान करना है।

इस अवसर पर प्रवक्ता राजिंदर, कीर्ति मलिक, दीप्ति चावला, सविता, सोनिया, पूजा, रंजीता सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। इसके अलावा टीजीटी अध्यापक ललित सैनी, प्रवीन, प्रदीप, सुरजन, रवींद्र, अनीता और स्कूल क्लर्क अंजली भी कार्यक्रम में शामिल रहे।