भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भावनगर के पास स्थित त्रापज गांव के निकट एक तेज रफ्तार बोलेरो कार आगे चल रहे भारी ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो कार में सवार सभी लोग दुनिया के सबसे बड़े अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के अलग-अलग दो प्लॉट के कर्मचारी थे। हादसे में जान गंवाने वाले 6 मृतकों की पहचान विजयभाई, साधुभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई के रूप में हुई है। सुबह-सुबह घटे इस भयानक हादसे की खबर जैसे ही अलंग शिपयार्ड और मृतकों के परिजनों तक पहुंची, वहां मातम पसर गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की पहचान जयेशभाई के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और गश्ती पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल जयेशभाई को तुरंत भावनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसा तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खोने से हुआ या कोई अन्य वजह थी, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

