सूरत: गुजरात के सूरत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर वाले भारतीय मुद्रा (500 रुपये के नोट) के साथ आपत्तिजनक रील बनाना एक मशहूर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को भारी पड़ गया। राष्ट्रपिता के सम्मान को ठेस पहुंचाने और सोशल मीडिया पर अमर्यादित दृश्य पोस्ट करने के आरोप में सूरत क्राइम ब्रांच ने 47 वर्षीय सिमरन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्टाग्राम पर करीब 10 लाख (1 मिलियन) फॉलोअर्स रखने वाली सिमरन सूरत के अडाजन इलाके की निवासी हैं।
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर अपलोड किया था वीडियो
पुलिस के अनुसार, आरोपी सिमरन पटेल ने यह विवादित रील गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर यानी 1 अक्टूबर को दोपहर 1 से 6 बजे के बीच अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर की थी। रील में महात्मा गांधी की तस्वीर वाले नोट का उपयोग करते हुए अनुचित हरकतें और इशारे दिखाए गए थे। वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेश गामी ने इस मामले को लेकर सूरत क्राइम ब्रांच में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया और तुरंत कार्रवाई करते हुए सिमरन को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि 12वीं तक शिक्षित सिमरन करीब 17 साल पहले शादी के बाद सूरत आई थीं और पिछले कुछ सालों से रील्स और शॉर्ट वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं।
सूरत पुलिस ने जारी किया ‘बिफोर-आफ्टर’ वीडियो
सूरत पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल से एक ‘बिफोर-आफ्टर’ वीडियो साझा कर इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। वीडियो के पहले हिस्से में आरोपी का विवादित क्लिप दिखाया गया, जबकि दूसरे हिस्से में वह पुलिस हिरासत में हथकड़ी पहने अपनी गलती के लिए माफी मांगती नजर आईं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी राष्ट्रीय प्रतीक या महान विभूति का अनादर करने वाली सामग्री पोस्ट न करें, जिससे सामाजिक शांति भंग हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

