अहमदाबाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुजरात में कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण, उद्घाटन और शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कच्छ जिले के शिवलखा स्थित गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल से भारत की पहली ‘सॉल्ट कंटेनर ट्रेन’ को देवभूमि द्वारका जिले के मीठापुर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नमक परिवहन में नई तकनीकी पहल
रेल मंत्री ने कहा कि गुजरात और विशेष रूप से कच्छ क्षेत्र देश में नमक उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र है। नमक के सुरक्षित और कुशल परिवहन की चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए स्टेनलेस स्टील सॉल्ट कंटेनर तैयार किए गए हैं। इन अत्याधुनिक कंटेनरों में ऊपर से लोडिंग और साइड से अनलोडिंग की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही, कंटेनर को टिल्ट (झुकाकर) करके नमक को आसानी से बाहर निकाला जा सकता है, जिससे लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया तेज और सुगम होगी।
5 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित
रेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान में देशभर में 150 से अधिक गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल कार्यरत हैं। इस कड़ी में गुजरात में 5 नए गतिशक्ति कार्गो टर्मिनलों को राष्ट्र को समर्पित किया गया:
- शिवलखा टर्मिनल: लगभग 200 करोड़ रुपए की कुल लागत से विकसित इस टर्मिनल में 12.97 करोड़ रुपए का रेलवे घटक शामिल है। यहाँ कंटेनर ट्रैफिक के साथ वैगन निर्माण और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे लगभग 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
- भीमासर टर्मिनल: 75 करोड़ रुपए के कुल निवेश (24.21 करोड़ रुपए रेलवे घटक) के साथ इसे कंटेनर व सामान्य माल हैंडलिंग के लिए तैयार किया गया है।
- देवलिया टर्मिनल: 65 करोड़ रुपए की लागत (16.28 करोड़ रुपए रेलवे घटक) से विकसित यह केंद्र माल हैंडलिंग को सुदृढ़ करेगा।
- चंडीसर टर्मिनल: 75 करोड़ रुपए के कुल निवेश (14 करोड़ रुपए रेलवे घटक) से मुख्य रूप से कंटेनर ट्रैफिक के लिए निर्मित किया गया है।
- लिंच टर्मिनल: इसके विकास से क्षेत्र में आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय उद्योगों को रेल परिवहन के प्रभावी विकल्प मिलेंगे।
कच्छ में 5,600 करोड़ रुपए की रेल परियोजनाएं
वर्तमान में कच्छ जिले में सामख्याली, भुज, भचाऊ, भीलड़ी और गांधीधाम जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ने वाली लगभग 5,600 करोड़ रुपए की रेल infrastructure परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अंजार स्टेशन पर भुज-शालीमार-भुज एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 22829/22830) के नए ठहराव का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा, गुजरात के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री त्रिकम छांगा, सांसद विनोद चावड़ा, विधायक मालती महेश्वरी और गांधीधाम की महापौर दिव्या नाथानी की गरिमामयी उपस्थिति में नए गोपालपुर रेलवे स्टेशन का भी आधिकारिक उद्घाटन संपन्न हुआ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



