गुरुग्राम। साइबर सिटी गुरुग्राम में सीएनजी की किल्लत और सीएनजी सिलेंडर री-टेस्टिंग की धीमी प्रक्रिया से ऑटो चालक बेहद परेशान हैं। इस मुद्दे को लेकर हरियाणा ऑटो चालक संघ ने रविवार को मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। संघ के अध्यक्ष महीपाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के 17 प्रमुख ऑटो स्टैंडों के प्रधानों ने हिस्सा लिया और सीएनजी आपूर्ति सुधारने व जांच केंद्रों की संख्या बढ़ाने की पुरजोर मांग की।
सिलेंडर री-टेस्टिंग में लग रहे 2 से 3 महीने
बैठक में भारतीय निजी परिवहन मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा भी मौजूद रहे, जिन्होंने ऑटो चालकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि शहर में सीएनजी सिलेंडर की जांच के लिए केंद्रों की संख्या बेहद सीमित है। इस वजह से गाड़ियों के सीएनजी सिलेंडर की अनिवार्य जांच कराने के लिए चालकों को 2 से 3 महीने तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जांच न होने से वाहनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है और चालकों की आजीविका पर असर पड़ रहा है।
जांच के नाम पर कथित अनियमितताओं का आरोप
बैठक के दौरान चालकों ने सीएनजी की उपलब्धता में लगातार आ रही कमी के साथ-साथ सिलेंडर जांच के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं पर भी गहरा असंतोष और चिंता व्यक्त की। 17 ऑटो स्टैंडों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में मांग उठाई कि प्रशासन जल्द से जल्द जांच केंद्रों की संख्या बढ़ाए ताकि चालकों को महीनों का इंतजार न करना पड़े और सीएनजी स्टेशनों पर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

