गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के भोंडसी क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बीएसएफ कैंप के पास एक डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक डंपर के नीचे आ गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए डंपर पर पथराव कर दिया, जबकि ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

कपड़े की दुकान पर काम करता था मृतक

मृतक की पहचान बबलू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के बरामबाद का रहने वाला था और वर्तमान में गुरुग्राम के मारुति कुंज स्थित डिफेंस कॉलोनी में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक, बबलू बादशाहपुर में कपड़ों की एक दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करता था। मंगलवार रात वह अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था।

डंपर के नीचे आया युवक, दोस्त दूसरी तरफ गिरा

भोंडसी में बीएसएफ कैंप के पास डंपर और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठा दोस्त सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा, जबकि बबलू बाइक समेत डंपर के नीचे आ गया। इस हादसे में बबलू को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आक्रोश और पथराव

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने डंपर पर पथराव शुरू कर दिया। बढ़ते तनाव को देखकर डंपर चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m