सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चोरी की एक अन्य वारदात की जानकारी भी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप उर्फ लुक्का के खिलाफ गुरुग्राम में चोरी और छीना-झपटी के 15 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना उद्योग विहार में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 29 सितंबर को उद्योग विहार फेज-4 से उसकी बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सेक्टर-43 पार्क के पास से गिरफ्तारी
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने 25 अक्टूबर को सेक्टर-43 पार्क के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान संदीप उर्फ लुक्का (27), निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश और समीर उर्फ तन्नू (19), निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, संदीप के खिलाफ चोरी और छीना-झपटी के 15 मामले, जबकि समीर के खिलाफ इसी तरह के तीन मामले गुरुग्राम में पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

