Gurugram Cyber Fraud : गुरुग्राम। निवेश के नाम पर करीब 1.08 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने हिसार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कमीशन के लालच में साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसी खाते में ठगी की रकम का एक हिस्सा ट्रांसफर किया गया था।
मामला 8 नवंबर 2025 का है। एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि निवेश के नाम पर उसके साथ करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 अक्टूबर 2026 को हिसार से कुलदीप (29), निवासी गांव खारिया, जिला हिसार को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम में से 3 लाख 74 हजार रुपये कुलदीप के नाम पर खुले बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता एक अन्य साथी को उपलब्ध कराया था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही खाते के जरिए हुए लेन-देन और ठगी की रकम के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

