गुरुग्राम। गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी को तीन नेशनल हाईवे से सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए हरियाणा सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के बीच सहमति बन गई है। प्रदेश सरकार ने इस काम के लिए अलग से बजट भी जारी किया है। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ग्लोबल सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे और पटौदी हाईवे से जोड़ा जाएगा। इससे यहां आने-जाने में आसानी होगी और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) ने इसके लिए तीनों हाईवे से कनेक्टिविटी देने की योजना तैयार की थी।

तीनों रास्तों का निर्माण अलग-अलग एजेंसियां करेंगी

HSIIDC के जीएम अरुण गर्ग के मुताबिक, ग्लोबल सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए NHAI अंडरग्राउंड सुरंग बनाएगा। दूसरे हाईवे से जोड़ने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) सड़क का निर्माण करेगा। वहीं, ग्लोबल सिटी को पटौदी रोड स्टेट हाईवे से जोड़ने वाली तीसरी सड़क HSIIDC बनाएगा।

ग्लोबल सिटी को द्वारका एक्सप्रेसवे से आठ लेन तक सीधे जोड़ने के लिए अंडरपास और ट्रम्पेट इंटरचेंज पर भी काम चल रहा है। इसके अलावा NH-48 ग्लोबल सिटी के पास स्थित है। इसे जोड़ने के लिए नरसिंहपुर के पास से 60 मीटर चौड़ी नई सड़क बनाई जा रही है।

पटौदी-रेवाड़ी हाईवे से जुड़ने पर ग्लोबल सिटी को दक्षिण में मानेसर और KMP एक्सप्रेसवे की ओर भी कनेक्टिविटी मिलेगी।

पहले चरण का 65% काम पूरा

ग्लोबल सिटी परियोजना द्वारका एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 1,003 एकड़ में विकसित की जा रही है। यह सेक्टर 36, 36बी, 37, 37ए और 37बी में फैली होगी। HSIIDC सेक्टर 36बी, 37ए और 37बी में पहले चरण के तहत 587 एकड़ जमीन पर विकास कार्य करा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण में बुनियादी ढांचे का करीब 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बाकी काम जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बिजनेस और रिहायशी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी

ग्लोबल सिटी को एक इंटीग्रेटेड बिजनेस और रेजिडेंशियल डिस्ट्रिक्ट के रूप में विकसित करने की योजना है। यह मिक्स्ड यूज लैंड वाली टाउनशिप होगी। यहां ऑफिस टावर, रिहायशी इमारतें, रिटेल स्पेस, होटल, अस्पताल, स्कूल, मैरिज पैलेस और कम्युनिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

तीनों हाईवे से कनेक्टिविटी मिलने के बाद निवेशकों और यहां आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य ग्लोबल सिटी के विकसित होने के बाद बढ़ने वाले यातायात को संभालना और आसपास के प्रमुख रास्तों से इसकी पहुंच आसान बनाना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m